रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण 77 उम्मीदवार करोड़पति हैं। हजारीबाग सीट से भाजपा के प्रत्याशी मनीष जायसवाल के पास सबसे अधिक 27 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। दलों के आधार पर भाजपा के 16 में से 13, जेएमएम के 6 मे से पांच, कांग्रेस के 9 में से चार, आजसू के 14 में से 11 और जेवीएम के 17 में से 9 उम्मीदवार करोड़पति हैं। वहीं 91 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले जबकि 62 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। तीसरे चरण के नॉमिनेशन और एफिडेविट के विश्लेषण पर आधारित एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में ये बातें सामने आई हैं।
एडीआर ने 309 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र का विशलेषण किया है जबकि इसमें से 10 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए हैं। अब मैदान में 299 उम्मीदवार हैं। झारखंड में तीसरे चरण का चुनाव 12 दिसंबर को 17 सीटाें पर हाेगा। भाजपा ने 16 सीटों पर प्रत्याशी उतारा है, सिल्ली में भाजपा ने सुदेश महतो के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। महागठबंधन के तहत कांग्रेस 9, झामुमो 6 और राजद 2 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। झाविमो ने सभी 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारा है। आजसू पार्टी के 14 प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं।
1.24 करोड़ रुपए हैं उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति
तीसरे चरण में 1.24 करोड़ रुपए उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति है। मुख्य दलों में कांग्रेस के 9 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 4.22 करोड़ रुपए, जेएमएम के 6 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 2.32 करोड़ रुपए, भआजपा के 16 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 4.68 करोड़ रुपए, जेवीएम के 17 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 2.69 करोड़ रुपए और आजसू के 14 उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 3.37 करोड़ रुपए है।
किस पार्टी के कितने नेता पर आपराधिक मामले
पार्टी | कुल प्रत्याशी | आपराधिक मामले वाले उम्मीदवार | गंभीर आपराधिक मामले वाले उम्मीदवार |
कांग्रेस | 09 | 04 | 03 |
आजसू | 14 | 10 | 06 |
भाजपा | 16 | 08 | 06 |
झाविमो | 17 | 08 | 05 |
उम्मीदवारों का संपत्ति विवरण
संपत्ति | उम्मीदवारों की संख्या |
पांच करोड़ और उससे ऊपर की संपत्ति | 20 |
दो से पांच करोड़ रुपए के बीच संपत्ति | 20 |
50 लाख से दो करोड़ रुपए के बीच संपत्ति | 75 |
10 लाख से 50 लाख रुपए के बीच संपत्ति | 107 |
10 लाख रुपए से कम की संपत्ति | 87 |
अधिकतम संपत्ति वाले उम्मीदवार
झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के तीसरे चरण में सबसे ज्यादा संपत्ति घोषित करनेवाले उम्मीदवारों में हजारीबाग सीट से भाजपा के प्रत्याशी मनीष जायसवाल टॉप पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 27,04,55,104 रुपए है। मनीष पर 5,38,11,296 रुपए की देनदारी भी है। वहीं दूसरे नंबर पर हजारीबाग से जेवीएम के प्रत्याशी मुन्ना सिंह हैं। इनके पास 19,15,27,213 रुपए की संपत्ति है। मुन्ना पर 3,52,33,931 रुपए की देनदारी है। वहीं तीसरे नंबर पर सिल्ली से आजसू के प्रत्याशी सुदेश महतो हैं। सुदेश की संपत्ति 18,57,73,000 रुपए है जबकि उन पर 3,42,17,000 की देनदारी है। वहीं तीसरे चरण में हटिया सीट से ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के अब्दुल्लाह अजहर अंसारी सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी हैं। उनके पास सिर्फ 4,500 रुपए की संपत्ति है।
तीसरे चरण में एक उम्मीदवार असाक्षर
तीसरे चरण में एक उम्मीदवार ने खुद को असाक्षर बताया है। जबकि 14 उम्मीदवारों ने खुद को साक्षर बताया हैं। पांचवीं पास उम्मीदवारों की संख्या 06, आठवीं पास उम्मीदवारों की संख्या 27, 10वीं पास उम्मीदवारों की संख्या 51, 12वीं पास उम्मीदवारों की संख्या 64, स्नातक पास उम्मीदवारों की संख्या 75, ग्रेजुएट प्रोफेशनल करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 17, पोस्ट ग्रेजुएशन उम्मीदवारों की संख्या 36, डॉक्टरेट उम्मीदवारों की संख्या 12 और अन्य शिक्षा ग्रहण करने वाले उम्मीदवारों की संख्या छह है।
61 से 80 उम्र के बीच 25 उम्मीदवार
137 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 25 से 40 वर्ष के बीच घोषित की है जबकि 143 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 41 से 60 वर्ष के बीच घोषित की है। 25 उम्मीदवारों ने अपनी आयु 61 से 80 के बीच घोषित की है। तीन उम्मीदवारों ने अपनी आयु घोषित नहीं की है जबकि एक उम्मीदवारों ने अपनी आयु 25 वर्ष से कम घोषित की है।