आगरा / ताज का दीदार करना होगा महंगा, सरकार जल्द ही बढ़ा सकती है टिकटों के दाम

आगरा. ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा (सिकंदर), मरियम टूम और एत्माद्दौला का मकबरा घूमने आने वाले पर्यटकों की जेब ढीली होने वाली हैअब इन जगहों पर आने वाले सैलियानियों की जेब पर बोझ बढेगा क्योंकि सरकार ने अब यहां लगने वाले टिकटों का दाम बढ़ाने का फैसला किया है।


आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की बोर्ड बैठक में टिकट का दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। अगर वहां से मंजूरी मिलती है तो ताजनगरी के पांच स्मारकों की टिकट दरें 15 से 30 रुपये तक बढ़ जाएंगी।


दो तरह के शुल्क लगते हैं
स्मारकों की टिकट में दो तरह के शुल्क शामिल होते हैं। कुछ हिस्सा पुरातत्व विभाग का और कुछ आगरा विकास प्राधिकरण का। अब तक पुरातत्व विभाग का हिस्सा ज्यादा है। एडीए ने तय किया है कि दोनों का हिस्सा बराबर रहेगा। एडीए अपना शुल्क पथकर के रूप में वसूलता है। इसे ही बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। 



  • ताजमहल का टिकट भारतीय सैलानियों के लिए अब तक 50 रुपए का है। इसमें पथकर 10 रुपए है, पुरातत्व विभाग का शुल्क 40 रुपए है। दोनों के बराबर हो जाने पर 40-40 रुपए हो जाएगा। इस तरह टिकट 80 रुपए का होगा। अन्य स्मारकों की दरें भी इसी अनुपात में बढ़ेंगी।

  • हाल ही में ताजमहल के मुख्य गुंबद की कब्र देखने के लिए 200 रुपए का अतिरिक्त टिकट लागू किया गया था। मुख्य गुंबद समेत ताजमहल देखने के लिए भारतीय पर्यटकों को 250 रुपए और विदेशियों को 1300 रुपए का टिकट लेना पड़ रहा है।

  • आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष शुभ्रा सक्सेना ने बताया कि बोर्ड बैठक में पथकर बढ़ाने का निर्णय सर्वसम्मति से हुआ है। इससे एडीए की आय बढ़ेगी। प्रस्ताव को मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।